रिश्वत लेते खंड शिक्षा अधिकारी समेत दो गिरफ्तार

0
25

देहरादून। उत्तराखंड में भ्रष्टाचार के खिलाफ सतर्कता विभाग देहरादून की ट्रैप टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए खंड शिक्षा अधिकारी समेत दो लोगों को एक लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना सतर्कता सैक्टर देहरादून में पंजीकृत मु0अ0सं0-7/2026, धारा 7 भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधित 2018) के तहत यह कार्रवाई की गई। ट्रैप टीम ने बुधवार को अभियुक्त धनवीर सिंह बिष्ट, उप शिक्षा अधिकारी एवं प्रभारी खंड शिक्षा अधिकारी, डोईवाला को गिरफ्तार किया। उनके साथ अभियुक्ता पुष्पांजलि, जो उत्तरांचल मॉडर्न स्कूल, गुमानीवाला ऋषिकेश से जुड़ी बताई जा रही हैं, को भी गिरफ्तार किया गया।

बताया जा रहा है कि दोनों आरोपी शिकायतकर्ता से गंगा वैली जूनियर हाईस्कूल, ऋषिकेश में शिक्षा का अधिकार (RTE) अधिनियम के तहत अध्ययनरत छात्रों की प्रतिपूर्ति राशि के बिलों के भुगतान के एवज में एक लाख रुपये की रिश्वत मांग रहे थे। शिकायत मिलने पर विजिलेंस टीम ने जाल बिछाया और दोनों को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया।

गिरफ्तारी के बाद दोनों आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। विजिलेंस विभाग का कहना है कि मामले में अन्य संभावित संलिप्त लोगों की भी जांच की जा रही है।

LEAVE A REPLY