एसटीएफ ने दबोचा 50 हजार का ईनामी बदमाश

0
1203
 dipr

हत्या के मामले में वांछित था आरोपी

देहरादून। (अनुराग जैन)

एसटीएफ ने पांच साल से फरार 50 हजार के ईनामी हत्या के आरोपी को गिरफ्तार कर उसको न्यायालय में पेश किया जहां से उसको न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। आज यहां मीडिया को जानकारी देते हुए एसएसपी एसटीएफ आयुष अग्रवाल ने बताया कि एक व्यक्ति की हत्या के प्रकरण में थाना रानीपुर जनपद हरिद्वार में दर्ज मुकदमें में कुख्यात अपराधी बलबीर सिंह पुत्र श्रवण गिरी मूल निवासी ग्राम चिड़ियापुर थाना लक्सर हरिद्वार हाल लेबर कालोनी सैक्टर—2 बीएचईएल रानीपुर हरिद्वार की धरपकड़ हेतु उत्तराखंड एसटीएफ द्वारा प्रयास किये जा रहे थे, जिसके फलस्वरुप उत्तराखण्ड एसटीएफ टीम ने बलबीर सिंह को देर रात हरिद्वार के रानीपुर मोड के पास से गिरफ्तार कर लिया। एसएसपी एसटीएफ ने बताया कि लेबर कालोनी रानीपुर हरिद्वार में 10 अगस्त 2018 को एक युवती के साथ तीन व्यक्तियों द्वारा छेड़छाड़ की गयी थी जिसका विरोध उसके भाई हेमन्त द्वारा किया गया तो तीनों वीर सिंह, बलवीर एवं विरेन्द्र द्वारा हेमन्त के साथ मारपीट कर उसके सिर पर चोट मारकर हत्या कर दी गयी थी व तीनो मौके से फरार हो गये थे। जिसमे से हरिद्वार पुलिस द्वारा एक आरोपी वीरेन्द्र को उसी समय गिरफ्तार कर लिया गया था, परन्तु इस घटना में शामिल अन्य 2 आरोपी वीर सिंह व बलबीर सिंह तब से लगातार फरार चल रहे थे। जिन पर 50—50 हजार रूपये का ईनाम घोषित किया गया था। ये दोनो ईनामी हत्यारे एसटीएफ की रडार पर थे, जिनकी गिरफ्तारी को लेकर एसटीएफ लगातार प्रयास कर रही थी। जिसके फलस्वरुप स्पेशल टास्क फोर्स उत्तराखंड द्वारा 31 नवम्बर 2023 को वीर सिंह की गिरफ्तारी रामजीवाला छकड़ा थाना मण्डावर जनपद बिजनौर से कि गई थी। फरार इनामी बलबीर को लेकर एसटीएफ को सूचना मिली थी कि वह रानीपुर मोड हरिद्वार स्थित न्यू पंजाब ढाबा पर तंदूर का कार्य कर रहा है। आरोपी ने पूछताछ मे बताया कि घटना के बाद से ही वह राजस्थान, दिल्ली व हरियाणा में अपनी पहचान छिपा कर अलग—अलग होटलों मे तंदूर का काम करता रहा और कुछ दिन पहले ही हरिद्वार आया था।

LEAVE A REPLY