प्रवासी उत्तराखण्डी देवभूमि के सच्चे ब्रांड एम्बेसडरः सीएम

0
51

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज दून विश्वविद्यालय, देहरादून में राज्य स्थापना के रजत जयंती वर्ष समारोह के अंतर्गत आयोजित प्रवासी उत्तराखण्डी सम्मेलन का शुभारंभ किया। इस अवसर पर प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में आई आपदाओं में जान गंवाने वाले लोगों के प्रति श्रद्धांजलि स्वरूप एक मिनट का मौन भी रखा गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रवासी उत्तराखण्डी देवभूमि की संस्कृति, परंपराओं और मातृभूमि के गौरव को नई ऊंचाइयों तक पहुंचा रहे हैं। प्रवासी उत्तराखण्डी देवभूमि के सच्चे ब्रांड एम्बेसडर हैं। उत्तराखण्ड की विशिष्ट लोक संस्कृति, भाषा और बोली में झलकने वाली आत्मीयता हमें विश्वभर में जोड़ती है। उन्होंने कहा कि प्रवासी उत्तराखण्डी जहां भी रहते हैं, अपने साथ देवभूमि की संस्कृति और अपनी मिट्टी की सुगंध लेकर चलते हैं। राज्य सरकार ने प्रवासी उत्तराखण्ड परिषद का गठन इसी उद्देश्य से किया है, ताकि उनके सुझाव और अनुभव राज्य के विकास की मुख्यधारा में शामिल किए जा सकें। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के अनेक प्रवासी स्वयं अपने गांवों को गोद लेकर विकास में योगदान दे रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, खेल, पेयजल और हवाई कनेक्टिविटी जैसे क्षेत्रों में राज्य ने उल्लेखनीय प्रगति की है। कहा कि राज्य ने सतत विकास लक्ष्यों में नीति आयोग की रैंकिंग में देश में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। इस अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री और महाराष्ट्र के पूर्व राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी ने कहा कि उत्तराखण्ड का व्यक्ति देश-विदेश में अपनी प्रतिभा, कर्मठता और ईमानदारी से कार्य करता है। दिल्ली विधानसभा के उपाध्यक्ष और प्रवासी उत्तराखण्डी मोहन सिंह बिष्ट ने सम्मेलन के आयोजन के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उत्तराखण्ड हमारी आत्मा और संस्कृति की धरोहर है। प्रवासी उत्तराखण्डी और राजस्थान के मुख्य सचिव सुधांश पंत ने कहा कि प्रवासी उत्तराखण्डी सम्मेलन का यह दिन हमारी मिट्टी की महक, संस्कृति की आत्मा और अपनत्व का उत्सव है। प्रवासी उत्तराखण्डी और फिल्म अभिनेत्री हिमानी शिवपुरी ने बताया कि उन्होंने रुद्रप्रयाग जनपद में अपने पैतृक गांव को गोद लिया है। इस अवसर पर प्रवासी उत्तराखण्डियों ने राज्य के विकास के लिए अपने सुझाव प्रस्तुत किए तथा राज्य के लिए किए जाने वाले संभावित योगदान की जानकारी साझा की। इस मौके पर विधायक विनोद चमोली, किशोर उपाध्याय, सहित देशभर से आए प्रवासी उपस्थित थे।

LEAVE A REPLY