देहरादून (अनुराग जैन)। कभी चोरी छिपे चलने वाला सट्टे का अवैध कारोबार अब कानून की ढीली पकड़ की वजह से खुलेआम संचालित होने लगा है। शहर कोतवाली के सबसे व्यस्तम तहसील व हनुमान चौक क्षेत्र में यह गोरखधंधा खुलेआम चल रहा है। सूत्रों के अनुसार, कोतवाली पुलिस की नाक के नीचे क्षेत्र में सट्टे का यह कारोबार बड़े स्तर पर संचालित हो रहा है। हनुमान चौक क्षेत्र में पान की दुकान की आड़ में खाईवाल पुलिस से बेखौफ होकर खुलेआम सट्टा पर्ची लिखने का अवैध धंधा चलाने में कामयाब हो रखा है। सुबह से लेकर शाम तक सैकड़ों की संख्या में लोग उसकी दुकान पर पहुंच कर सट्टा पर्ची लिखाते हैं। जिसकी खबर पुलिस प्रशासन को छोड़कर हर किसी को है जोकि हैरान करने वाली बात है। वहीं तहसील मार्केट के पास भी कुछ ऐसा ही आलम है। यहां भी बे रोक टोक सट्टे का कारोबार खूब फल फूल रहा है। यहां भी सुबह से लेकर रात तक सट्टे की पर्चियां लिखी जाती है और यहां भी पुलिस अंजान बनी हुई है। न किसी को पुलिस का खौफ है और न ही प्रशासन का डर। दोनों ही जगह पुलिस हर वक्त मुस्तैद रहती है लेकिन इन अवैध धंधों पर पर पुलिस की नजर भी नहीं पड़ती जोकि किसी अजूबे से कम नहीं।
सटोरियों पर नहीं है पुलिस का कोई अंकुश
ऐसा कहना भी गलत नहीं होगा कि धड़ल्ले से चल रहे इस कारोबार को इलाके के कुछ सफेदपोशाें और कुछ स्थानीय पुलिस कर्मियों का खुला संरक्षण प्राप्त है। क्योंकि इतने बड़े पैमाने पर चल रहे इस कारोबार की भनक हर किसी को है लेकिन आजतक इन अवैध धंधों से जुड़े लोगों पर पुलिस नकेल कसने में कामयाब नहीं हो पाई है। बताया जाता है कि इन दो जगहों पर रोजाना लाखों रुपए का सट्टा खेला जा रहा है। फिर भी अपराधी खुले में सांस ले रहे हैं और पुलिस किन कारणों से अंजान बनी हुई है। अब देखना होगा कि आने वाले दिनों में क्या पुलिस इन अवैध कारोबारियों पर नकेल कसने में कामयाब हो पाएगी ।










