देहरादून (अनुराग जैन)। राजधानी देहरादून में आज फिर पुलिस व्यवस्थाओं को धता बताते हुए अज्ञात हमलावरों ने दिनदहाड़े एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी और आसानी से फरार हो गए। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने हमलावरों की तलाश शुरु कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार आज सुबह लगभग साढ़े दस बजे बाइक पर आए हमलावरों ने तिब्बती मार्किट के पास युवक को गोली मार दी। सरे आम हुए कत्लेआम की घटना से मौके पर अफरा तफ़री मच गई। घायल अवस्था में युवक को दून अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं सूचना मिलने पर एस पी सिटी फोरेंसिक टीम के साथ मय फोर्स मौके पर पहुंचे और जांच में जुट गए।
सूत्रों के अनुसार मृत व्यक्ति जीएमएस रोड स्थित अमरदीप गैस एजेंसी का मालिक बताया जा रहा है। मृतक का नाम अर्जुन शर्मा बताया गया है जोकि सुबह टेनिस खेल कर घर वापसी कर रहा था। प्रारंभिक जाँच में आपसी विवाद की बात भी सामने आ रही है । युवक की आयु 40 के आस पास बताई जा रही है।
उधर पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर सभी चेक पोस्ट पर चेकिंग अभियान तेज कर दिया है।









