कलयुग: पति ही निकला पत्नी का हत्यारा, गिरफ्तार

0
7

देहरादून। विगत दिनों थाना क्लेमेंटटाउन क्षेत्र में हुई 26 वर्षीय महिला काजल की हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने हत्या के आरोप में उसके पति धीरज पंवार को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, पत्नी के साथ चल रहे विवाद और उसके तलाक लेने की तैयारी की जानकारी मिलने के बाद आरोपी ने हत्या की योजना बनाई थी। आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त 315 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस और घटना के समय पहनी गई खून लगी शर्ट बरामद की गई है।

गौरतलब है कि 21 सितंबर की सुबह पुलिस कंट्रोल रूम को काजल नामक महिला की हत्या की सूचना मिली थी। सूचना पर पहुंची पुलिस व फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और आवश्यक साक्ष्य जुटाए। घटना के बाद से मृतका का पति धीरज अपना मोबाइल बंद कर फरार था। मृतका के भाई की तहरीर पर क्लेमेंटटाउन थाने में मुकदमा दर्ज किया गया।

क्लेमेंटटाउन थाना पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम गठित की गई। पुलिस के मुताबिक, आरोपी का मोबाइल बंद होने और शादी के बाद से पत्नी के मायके में रहने के कारण उसका कोई स्थायी ठिकाना नहीं था। पुलिस टीम ने सुरागरसी और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपी की तलाश शुरू की। पुलिस के अनुसार, 23 सितंबर को धीरज पंवार उर्फ लल्लू को क्लेमेंटटाउन क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसका विवाह करीब 12 वर्ष पहले काजल से हुआ था और दोनों के दो बच्चे हैं। शादी के बाद से वह पत्नी और बच्चों के साथ सुभाषनगर स्थित पत्नी के मायके में रह रहा था।

पुलिस के मुताबिक, पिछले करीब एक वर्ष से पति-पत्नी के बीच विभिन्न बातों को लेकर विवाद चल रहा था। आरोपी ने बताया कि करीब तीन महीने से उसकी पत्नी उसे घर में प्रवेश नहीं करने दे रही थी और बच्चों से भी मिलने नहीं दे रही थी। करीब एक माह पहले उसे जानकारी मिली कि उसकी पत्नी तलाक लेने की तैयारी कर रही है। इसके बाद उसने पत्नी की हत्या की योजना बनाई। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने सहारनपुर से देसी तमंचा खरीदा। घटना से एक रात पहले वह सहारनपुर से देहरादून आया और घटनास्थल के पास निर्माणाधीन भवन में छिपकर घर की गतिविधियों पर नजर रखी। सुबह मौका मिलने पर उसने घर में लगे टीन के दरवाजे को तोड़कर अंदर प्रवेश किया। इसके बाद बिस्तर पर सो रही काजल पर दो फायर किए और मौके से फरार हो गया।

LEAVE A REPLY