साध्वियों की मृत्यु से जैन समाज आक्रोशित

0
42
Oplus_0

डीएम के माध्यम से पीएम को भेजा ज्ञापन

देहरादून। भारतीय जैन मिलन क्षेत्र संख्या 14 के तत्वावधान में मंगलवार को जैन समाज के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी के माध्यम से देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को एक ज्ञापन सौंपा। राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नरेश चंद जैन एवं क्षेत्रीय अध्यक्ष डॉ संजय जैन जैन के नेतृत्व में सौंपे गए इस ज्ञापन में रीवा (मध्य प्रदेश) में हुई हृदय विदारक सड़क दुर्घटना की निष्पक्ष जांच और देश भर में जैन साधु-साध्वियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए कड़े प्रोटोकॉल लागू करने की मांग की गई है। सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया है कि मध्य प्रदेश के रीवा में जैन साध्वियों के विहार के दौरान सुरक्षा में हुई चूक के कारण एक भीषण सड़क दुर्घटना हुई। इस हादसे में दो जैन आर्यिका श्री श्रुतमती माताजी एवं उपशममती माताजी की असामयिक मृत्यु हो गई। एक तेज रफ्तार कार ने साध्वियों को जोरदार टक्कर मारी और चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। इस दर्दनाक घटना से संपूर्ण जैन समाज में गहरा शोक और भारी आक्रोश व्याप्त है। प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासनिक अधिकारियों के माध्यम से प्रधानमंत्री से गुहार लगाई कि जैन साधु-संत पूर्णतः अपरिग्रही होते हैं और वे आजीवन देश भर में पैदल ही पद विहार करते हैं। इस विषय को बेहद संवेदनशीलता से लेते हुए पूरे देश में विहार कर रहे जैन साधु साध्वियों की सुरक्षा के लिए तत्काल एक कड़ा सुरक्षा प्रोटोकॉल सुनिश्चित किया जाए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। साथ ही रीवा हादसे की निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए। इस अवसर पर मनीष जैन, प्रदीप जैन, पंकज जैन मंत्री, अलका जैन शेफाली जैन प्रीति जैन आदि मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY