देहरादून। थाना प्रेमनगर क्षेत्र में बिधोली स्थित दुआ बॉयज हॉस्टल से हुई चोरी की घटना का दून पुलिस ने खुलासा कर लिया है। एसएसपी देहरादून के निर्देश पर गठित टीम ने चार शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया और घटना में चोरी किए गए सामान को बरामद किया।
वादी रजत दुआ द्वारा 11 अक्टूबर 2026 को दी गई तहरीर के आधार पर कोतवाली प्रेमनगर पर मुकदमा संख्या 219/26, धारा 305, 331(4), 317(2), 3(5) बीएनएस के तहत पंजीकृत किया गया था। शिकायत में अज्ञात व्यक्तियों द्वारा हॉस्टल से लकड़ी के बेड और अलमीरा आदि सामान चोरी करने की बात कही गई थी।
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून के निर्देश पर थाना प्रेमनगर पर पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल और आसपास के मार्गों पर लगे सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण किया, मुखबिर तंत्र सक्रिय किया तथा पूर्व में ऐसी घटनाओं में शामिल व्यक्तियों का सत्यापन किया।
पुलिस की सक्रियता के परिणामस्वरूप 11 अक्टूबर को ही कांसवाली रोड, तल्ली कंडोली, बिधौली क्षेत्र से चार अभियुक्तों—आदित्य शर्मा, जोगेंद्र कुमार, सचिन कुमार और असलम—को चोरी के सामान के साथ गिरफ्तार किया गया। उनके कब्जे से 4 लकड़ी के बेड और 2 लोहे की अलमीरा बरामद हुईं।
पूछताछ का विवरण
मुख्य अभियुक्त आदित्य शर्मा उर्फ रिंकू ने बताया कि वह बिधोली क्षेत्र का ही रहने वाला है और नशे का आदी है। नशे की लत के कारण कई लोगों से उधार लिया था, जिनका दबाव लगातार बना हुआ था। अगस्त महीने में एक बंद पड़े दुआ बॉयज हॉस्टल को देखकर उसके मन में लालच आया। हॉस्टल के अंदर बेड, अलमारी, गीजर और अन्य सामान देखकर उसने चोरी कर कर्ज उतारने की योजना बनाई।
उसने अपने साथियों जोगेंद्र कुमार और सचिन कुमार को शामिल किया। इन्होंने सहसपुर के कबाड़ी असलम को योजना बताई, जो चोरी का माल खरीदने के लिए राजी हो गया। योजना के अनुसार उन्होंने हॉस्टल का ताला तोड़कर कई लकड़ी के बेड, लोहे की अलमीरा, गीजर और अन्य सामान चोरी कर लिए। बेड और अलमीरा असलम को बेच दिए, जबकि अन्य सामान एक अन्य कबाड़ी ले गया।
शेष बचे 4 बेड और 2 अलमीरा बेचने की फिराक में थे, तभी पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में एक अन्य अभियुक्त का नाम भी सामने आया है, जिसकी गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।
गिरफ्तार अभियुक्त
1. आदित्य शर्मा उर्फ रिंकू पुत्र निर्मल शर्मा, निवासी नियर सार्थक बॉयज हॉस्टल बिधोली, कोतवाली प्रेमनगर, उम्र 22 वर्ष
2. जोगेंद्र कुमार पुत्र दीनदयाल कुमार, मूल निवासी ग्राम चिककटिया, थाना बंडा, जिला शाहजहांपुर (उत्तर प्रदेश), हाल निवास 32 बीघा बिधोली, उम्र 29 वर्ष
3. सचिन कुमार पुत्र तुलसीराम, मूल निवासी कोटाबारी, थाना सिंधौली, जिला शाहजहांपुर (उत्तर प्रदेश), हाल निवासी साईं मंदिर बिधोली, उम्र 23 वर्ष
4. असलम पुत्र मोहम्मद राशिद, निवासी छरबा, थाना सहसपुर, उम्र 40 वर्ष
बरामदगी
• 4 लकड़ी के बेड
• 2 लोहे की अलमीरा

/>








