आरोपी को पकड़ने गई पुलिस टीम पर फायरिंग, चौकी इंचार्ज घायल

0
67

सीएम ने लिया घटना का संज्ञान

देहरादून। महिला को गोली मारने के आरोपी पति को गिरफ्तार करने गई पुलिस टीम पर आरोपी ने फायर झोंक दिया जिससे मालदेवता चौकी इंचार्ज गंभीर रूप से घायल हो गए। जवाबी कार्रवाई में आरोपी के भी गोली लगी है। जानकारी के अनुसार विगत दिनों थानो रोड पर बडासी पुल के नीचे एक महिला अचेत अवस्था में पड़ी मिली थी। महिला को इलाज के लिए दून अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने महिला के सिर में गोली लगने की पुष्टि की थी। महिला की शिनाख्त नहीं होने पर सोशल मीडिया पर उसके फोटोग्राफ जारी किए गए। जिसके पश्चात कविता राजपूत निवासी गली नंबर पांच निकट पूजा स्वीट्स ज्वालापुर हरिद्वार ने घायल महिला की शिनाख्त अपनी बहन तानिया (24) के रूप में की। उसने बताया कि तानिया ने नंवबर 2021 को शुभम पुत्र प्रभुदयाल निवासी महावीर कलोनी सोनीपत (हरियाणा) से प्रेम विवाह किया था। बताया कि कुछ समय पहले बहन के ससुर प्रभुदयाल घर आए थे। कह रहे थे कि परिवार में जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। जिससे जानमाल का खतरा हो सकता है। इस बीच बीते सितंबर में ससुर लापता हो गए। उनकी गुमशुदगी उनके भतीजे ने सोनीपत में दर्ज कराई है। बीते अक्टूबर से शुभम और तानिया भी लापता चल रहे थे। जाँच में जुटि पुलिस को महिला के पति पर हमला करने के कुछ सबूत मिले जिसके बाद से पुलिस टीम महिला के पति शुभम की तलाश में जुट गई। कल देर रात पुलिस को आरोपी की लोकेशन मसूरी में मिली। जिस पर जांच अधिकारी मालदेवात चौकी इंचार्ज मिथुन कुमार ने मय फोर्स मसूरी के होटलों में चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान एक होटल में अभियुक्त शुभम ने पुलिस पार्टी पर फायरिंग शुरू कर दी। जिससे चौकी इंचार्ज मिथुन कुमार के पेट में गोली लग गई। जवाबी कार्रवाई में आरोपी के भी पैरों में गोली लगी है। सूचना मिलने पर एसएसपी सहित कई अधिकारी मौके पर पहुंचे। घायल अवस्था में दरोगा को मैक्स हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया जंहा उनका उपचार जारी है। आरोपी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उधर सीएम उत्तराखंड ने घटना का संज्ञान लेते हुए एसएसपी को घायल पुलिसकर्मी के बेहतर इलाज और अभियुक्त पर कठोर कानूनी कार्यवाही करने के निर्देश दिये हैं।

LEAVE A REPLY