GAIRSAIN MONSOON SESSION : उत्तराखंड विधानसभा में हंगामा, माइक फेंका; टेबल पलटाने की कोशिश

0
102

देहरादून/गैरसैंण: GAIRSAIN MONSOON SESSION  उत्तराखंड विधानसभा का मॉनसून सत्र ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण के भराड़ीसैंण स्थित विधानसभा भवन में चल रहा है, लेकिन सत्र के पहले दिन ही जमकर हंगामा देखने को मिला. जहां विपक्ष के विधायक विरोध करते-करते इतने गुस्से में आ गए कि वे विधानसभा सचिव की टेबल तक पहुंच गए. जहां उन्होंने न केवल टेबल को पलटाने की कोशिश की, बल्कि माइक और अन्य सरकारी संपत्ति को भी नुकसान पहुंचाया. जिस पर बीजेपी हमलावर हो गई है.

Gairsain : गैरसैंण से शुरू हुआ भूजल पुनर्भरण का नया अध्याय

सदन की कार्यवाही शुरू होती ही कांग्रेसी विधायकों का हंगामा

बता दें कि विपक्ष ने पहले ही अपने तेवर दिखा दिए थे कि सत्र के दौरान नैनीताल में पंचायत चुनाव के दौरान हुई धांधली और उत्तरकाशी की आपदा पर सरकार से वो जवाब मांगेंगे. आज सत्र के शुरू होते ही सदन के भीतर कांग्रेसियों का हंगामा देखने को मिला. जहां विपक्ष के नेता लगातार सदन में नैनीताल में कानून व्यवस्था को लेकर सरकार से जवाब मांगने लगे.

माइक फेंका और टेबल पलटने की कोशिश

सदन की कार्यवाही के दौरान कांग्रेसी विधायक यहीं तक नहीं रुके, उन्होंने माइक फेंका और टेबल भी पलटने की कोशिश की. इस दौरान स्पीकर के सुरक्षाकर्मी भी विपक्ष के नेताओं को रोकते हुए दिखाई दिए. इस दौरान सदन की कार्रवाई कई बार स्थगित भी हुई.

वहीं, जब हंगामा बढ़ा तो विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी को भी विपक्ष से अपील करनी पड़ी कि ‘वो सरकारी संपत्ति को किसी भी तरह का नुकसान ना पहुंचाएं.’ स्पीकर खंडूड़ी ने कड़ी आपत्ति जताते हुए सभी विधायकों से न केवल अपील की बल्कि, ये भी कहा कि ‘वो अपनी बात कह सकते हैं, लेकिन सरकारी संपत्ति को नुकसान ना पहुंचाएं. क्योंकि, यह संपत्ति आम जनता के टैक्स की है.’

वहीं, विपक्ष के विधायक सुमित हृदयेश से लेकर भुवन कापड़ी और अन्य विधायकों का कहना था कि ‘वो सदन में नेता विपक्ष का सम्मान चाहते हैं और नैनीताल में जो कुछ भी हुआ उस पर अधिकारियों पर कार्रवाई होनी चाहिए.’ आज विधानसभा सत्र का पहला दिन है, लेकिन जिस तरह से पहले दिन के शुरुआती घंटे में ही विपक्ष ने अपने तेवर दिखाए हैं, उससे यह लगता है कि सत्र में इस बार हंगामा जोरों पर रहेगा.

हंगामे के बीच नियम 300 की सूचनाओं पर फिलहाल चर्चा

वहीं, हंगामे के बीच नियम 300 की सूचनाओं पर फिलहाल चर्चा चल रही है. जबकि, इस पूरे घटनाक्रम पर संसदीय कार्य मंत्री सुबोध उनियाल ने विपक्ष के विधायकों पर कई तरह के आरोप और अपमान की बात कहकर कार्यवाही से निलंबित करने की मांग विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी से की है.

PM Modi Shubhanshu Meet : पीएम मोदी और शुभांशु के बीच क्या बात हुई?

LEAVE A REPLY