स्नातक स्तरीय परीक्षा रद्द, तीन माह बाद दोबारा होगी परीक्षा

0
55
आयोग ने जारी किया आदेश

देहरादून। यूकेएसएसएससी ने 21 सितंबर को आयोजित हुई स्नातक स्तरीय लिखित परीक्षा को रद्द कर दिया है। आयोग के सचिव डॉ शिव बरनवाल ने स्नातक स्तरीय परीक्षा रद्द करने सम्बन्धी आदेश जारी करते हुए कहा कि तीन माह में नये सिरे से यह परीक्षा आयोजित की जाएगी। आज यहां जारी आदेश में कहा गया कि उत्तराखण्ड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग द्वारा 9 अप्रैल 2025 को स्नातक स्तरीय पदों की विज्ञप्ति के आधार पर 21 सितंबर को प्रदेश के समस्त जनपदों में लिखित परीक्षा का आयोजन किया गया था। निर्धारित तिथि को परीक्षा समाप्ति के पश्चात सोशल मीडिया पर कुछ प्रश्नों के स्क्रीन शॉट वायरल हुए, जिसकी सूचना मिलने पर आयोग द्वारा तत्काल एसएसपी देहरादून को आवश्यक कार्यवाही हेतु प्रेषित की गई। एसएसपी द्वारा प्राथमिक जाँच के आधार पर थाना रायपुर, देहरादून में मुकदमा पंजीकृत किया गया। बीते दिनों सरकार द्वारा प्रकरण की जाँच हेतु कमीशन ऑफ इन्क्वायरी एक्ट 1952 के अन्तर्गत न्यायाधीश (से०नि०) उच्च न्यायालय उत्तराखण्ड यू० सी० ध्यानी के नेतृत्व में एक सदस्यीय, न्यायिक जाँच आयोग का गठन किया गया। आयोग की ओर से कहा गया कि 11 अक्टूबर को न्यायिक आयोग की अन्तरिम जाँच आख्या प्राप्त हुई। आयोग द्वारा आख्या का गहन अध्ययन कर विचार विमर्श किया गया। तदोपरान्त निर्णय लिया गया कि लिखित प्रतियोगी परीक्षाओं की गोपनीयता, शुचिता एवं पारदर्शिता के साथ-साथ परीक्षा का संदेह से परे होना भी आवश्यक है। परीक्षा के संबंध में उक्त प्रतियोगी परीक्षा में शामिल अभ्यर्थियों के साथ-साथ सामान्य जनमानस का पूर्ण विश्वास होना भी आवश्यक है। प्रकरण में विवेचना वर्तमान में प्रचलित है। इस पर आयोग द्वारा उपरोक्त आयोजित स्नातक स्तरीय परीक्षा निरस्त की जाती है व जिसकी पुनः परीक्षा तीन माह के पश्चात आयोजित की जानी प्रस्तावित है।

LEAVE A REPLY