फैंसी कपड़ों की दुकान में लगी भीषण आग

0
54
 dipr

देहरादून। शहर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत स्थित मोती बाजार के देवकी कॉम्प्लेक्स में आज सुबह भीषण आग लग गई। कई घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।

जानकारी के अनुसार शहर के सबसे व्यस्त और घनी आबादी वाले बाजारों में शुमार मोती बाजार स्थित देवकी कॉम्प्लेक्स में सोमवार सुबह भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। कॉम्प्लेक्स में स्थित ‘बालाजी ड्रेस’ की फैंसी कपड़ों की दुकान में अचानक भड़की आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और आसपास की अन्य दुकानों को भी अपनी चपेट में लेने का प्रयास किया। मौके पर मौजूद अन्य दुकानदारों ने तुरन्त ही फायर कंट्रोल रूम में सूचना दी।

सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 6 फायर टेंडरों की मदद से करीब 4 से 5 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह नियंत्रण पा लिया। गनीमत यह रही कि इस भीषण हादसे में किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है।

फायर टीम ने राहत एवं बचाव कार्य में तेजी लाने के लिए होज पाइप, स्मोक एग्जॉस्टर (धुआं बाहर निकालने की मशीन), आयरन कटर और आधुनिक टॉर्च का इस्तेमाल का इस्तेमाल कर आग पर काबू पाया।

वहीं सुरक्षा की दृष्टि से जिन दुकानों के शटर बंद थे, उनके ताले और शटर बोल्ट कटर से काटे गए ताकि आग अंदर न फैले और यह सुनिश्चित किया जा सके कि कोई व्यक्ति अंदर फंसा तो नहीं है। समय रहते स्थिति को संभाल लेने के कारण एक बड़ा व्यापारिक नुकसान होने से बच गया। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।

LEAVE A REPLY