दहेज के लिए हुई महिला की हत्या, पति समेत चार गिरफ्तार

0
5
 dipr

रामनगर। दहेज को लेकर एक नवविवाहिता की हत्या कर मामले को आत्महत्या का रूप देने का प्रयास के मामले में पुलिस ने दो महिलाओं सहित चार हत्यारोपियों को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया है।

मामले में चार दिन पूर्व नसीम अहमद पुत्र जबर साह निवासी ग्राम बुढनपुर थाना डिलारी, तहसील ठाकुरद्वारा, जनपद मुरादाबाद द्वारा कोतवाली रामनगर में दी गई शिकायत में बताया था कि उनकी पुत्री कोहिनूर का विवाह 16 मई को उवेश पुत्र फजले अली निवासी गैस गोदाम रोड, खताड़ी, रामनगर के साथ मुस्लिम रीति-रिवाज के अनुसार हुआ था। पुत्री के विवाह में अपने सामर्थ्य के अनुसार दहेज दिए जाने के बावजूद भी उसकी पुत्री के ससुराल पक्ष द्वारा लगातार बुलेट मोटरसाइकिल एवं पांच लाख नकद की मांग की जा रही थी।

इसी के चलते 16 अक्टूबर को ससुराल पक्ष के लोगों द्वारा कोहिनूर को कमरे में बंद कर उसकी हत्या कर दी गई। शिकायत पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 80 (2) के तहत मुकदमा दर्ज कर क्षेत्राधिकारी द्वारा मामले की पड़ताल व पूछताछ में सामने आया कि मृतका कोहिनूर एवं उसके पति उवेश के बीच दहेज के रुपये तथा पारिवारिक मामलों को लेकर विवाद रहता था। घटना के दिन भी पति-पत्नी के बीच कहासुनी हुई, जिसमें परिवार के अन्य सदस्य भी शामिल हो गए। विवाद बढ़ने पर कोहिनूर को कमरे में चारपाई पर गिराकर उसके मुंह में कपड़ा ठूंस दिया गया तथा उसे दबाकर उसके हाथ-पैर पकड़े गए और गर्दन पर दबाव डाला गया। इस दौरान कोहिनूर की मृत्यु हो गई।

घटना के बाद आरोपियों द्वारा हत्या को आत्महत्या का रूप देने के उद्देश्य से मृतका के गले में दुपट्टा बांधकर उसे पंखे से लटकाने का प्रयास किया गया और उसके द्वारा आत्महत्या किए जाने की बात प्रचारित की गई। जिसके बाद पुलिस ने मामले में मृतका के पति उवेश पुत्र फजले अली निवासी गैस गोदाम ऊटपड़ाव खताड़ी रामनगर, सास नसरीन, जेठ अनस व नन्द शबा को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया। मामले के खुलासे पर एसएसपी मंजूनाथ टीसी ने पुलिस टीम को ढाई हजार रुपए रिवॉर्ड की घोषणा की है।

LEAVE A REPLY