देहरादून। थाना राजपुर क्षेत्र के अंतर्गत सहस्त्रधारा रोड पर सोमवार शाम नशे में धुत कलयुगी बेटे ने मामूली कहासुनी के बाद गुस्से में आकर अपने ही 62 वर्षीय पिता पर धारदार चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल पिता ने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी बेटे को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोमवार (9 नवंबर 2026) की शाम करीब 7:15 बजे आपातकालीन सेवा 112 के माध्यम से थाना राजपुर पुलिस को सूचना मिली कि चलांग कुल्हन (सहस्रधारा रोड) निवासी नितिन राणा ने अपने पिता मदन राणा (62) को चाकू मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी राजपुर पुलिस बल के साथ तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आनन-फानन में घायल मदन राणा को 108 एम्बुलेंस के जरिए दून के कोरोनेशन अस्पताल भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए हत्यारोपी पुत्र नितिन राणा को मौके से ही हिरासत में ले लिया।
पुलिस की पूछताछ में गिरफ्तार अभियुक्त नितिन राणा ने बताया कि वह नशे का आदी है और आए दिन उसका अपने परिजनों के साथ पारिवारिक विवाद होता रहता था। घटना के वक्त भी वह पूरी तरह नशे में धुत था। इसी दौरान किसी बात को लेकर उसकी अपने पिता मदन सिंह राणा से तीखी बहस हो गई। गुस्से में पिता ने उसे जोर-जोर से डांटना शुरू कर दिया।
डांट से भड़के और उत्तेजना में आए कलयुग बेटे का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया। उसने घर की रसोई में रखा सब्जी काटने वाला चाकू उठाया और अपने ही पिता पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया।

/>







