सहेली के घर में की चोरी, आरोपी महिला गिरफ्तार

0
8
 dipr

देहरादून। रायपुर थाना क्षेत्र में हुई चोरी की घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी किए गए करीब छह लाख रुपये कीमत के सोने के आभूषण बरामद किए हैं। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि लोगों से लिया गया कर्ज चुकाने के लिए उसने अपनी पुरानी परिचित सहेली के घर चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस के अनुसार, दो नवंबर 2026 को रांझावाला निवासी मीना थापा पत्नी राहुल थापा ने थाना रायपुर में तहरीर देकर बताया कि पूजा थापा नाम की महिला ने उनके घर से सोने के आभूषण चोरी कर लिए हैं। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। घटना के खुलासे के लिए पुलिस टीम गठित की गई।

पुलिस टीम ने नामजद आरोपी पूजा थापा को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उसने चोरी की वारदात कबूल कर ली। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने उसके घर से चोरी किए गए दो सोने की चेन और चार सोने की अंगूठियां बरामद कीं। बरामद आभूषणों की अनुमानित कीमत करीब छह लाख रुपये बताई गई है। इसके बाद पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में आरोपी पूजा थापा ने बताया कि उस पर कई लोगों का कर्ज हो गया था। कर्ज चुकाने के लिए उसने अपनी पुरानी परिचित मीना थापा के घर चोरी करने की योजना बनाई। मीना से पुरानी जान-पहचान होने के कारण उसका उनके घर आना-जाना था। इस दौरान उसे घर में रखे सामान की पूरी जानकारी हो गई थी। इसी का फायदा उठाकर उसने मौका मिलने पर चोरी की घटना को अंजाम दिया।

LEAVE A REPLY