देहरादून। सेवला खुर्द में सड़क किनारे मिले अज्ञात व्यक्ति के शव की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। पुलिस के मुताबिक दो आरोपियों ने लूटपाट के इरादे से व्यक्ति के साथ मारपीट की और उसे सड़क पर धक्का दे दिया जिस कारण उसको अंदरूनी चोटें आईं और मौत हो गई। मिली जानकारी के अनुसार, 20 अक्टूबर 2026 की सुबह कंट्रोल रूम के माध्यम से सूचना मिली कि पटेलनगर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत सेवला खुर्द स्थित राजा-रानी वेडिंग प्वाइंट के पास सड़क किनारे एक व्यक्ति अचेत अवस्था में पड़ा है। सूचना पर पहुंची पटेलनगर पुलिस व्यक्ति को अस्पताल ले गई, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक के पास से पहचान संबंधी कोई दस्तावेज नहीं मिला। इसके बाद शव को 72 घंटे तक मोर्चरी में रखकर शिनाख्त के प्रयास किए गए। पहचान नहीं होने पर पोस्टमार्टम के बाद शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया।
मृतक की पहचान के प्रयासों के दौरान पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में दो व्यक्ति मृतक के पीछे जाते दिखाई दिए। इनमें से एक ने व्यक्ति के साथ मारपीट कर उसे सड़क पर धक्का दे दिया। व्यक्ति के गिरने के बाद दोनों वहां से चले गए। कुछ देर बाद लौटकर उन्होंने व्यक्ति को हिलाकर देखा और फिर मौके से फरार हो गए।
फुटेज के आधार पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून के निर्देश पर पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल और आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की तथा 100 से अधिक संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की। इसके बाद मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर दोनों आरोपियों को पटेलनगर क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे नशे के आदी हैं और शराब के ठेकों के आसपास घूमते रहते थे। वहां से अत्यधिक नशे में जा रहे लोगों को चिह्नित कर उनका पीछा करते थे। सुनसान जगह मिलने पर उनसे रुपये और अन्य सामान छीनने की कोशिश करते थे। पुलिस के मुताबिक, 19 अक्टूबर की रात दोनों आरोपी आईएसबीटी क्षेत्र में शराब के ठेके के पास घूम रहे थे। इसी दौरान उन्हें एक व्यक्ति अत्यधिक नशे में जाता दिखाई दिया। दोनों उसका पीछा करते हुए सेवला खुर्द पहुंच गए। सुनसान स्थान देखकर उन्होंने व्यक्ति के साथ मारपीट की और रुपये छीनने का प्रयास किया। इसी दौरान धक्का लगने से व्यक्ति सड़क पर गिरकर बेहोश हो गया। आरोपियों के अनुसार, वे कुछ देर बाद दोबारा मौके पर पहुंचे और व्यक्ति को जांचा तो उसकी मौत हो चुकी थी। इसके बाद वे घबराकर वहां से भाग गए। दोनों आरोपियों की पहचान अशरफ उर्फ काला (26) पुत्र असगर, निवासी ब्राह्मणवाला, थाना पटेलनगर, देहरादून व सफदर (36) पुत्र अकबर, निवासी जीवनगढ़, थाना विकासनगर, जिला देहरादून। वर्तमान में ब्राह्मणवाला, के रूप में हुई।

/>








