देहरादून। भाजपा पार्षद अमिता सिंह के घर पर हुई चोरी का खुलासा करते हुए पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी दिल्ली में टैक्सी चलाता है और टैक्सी की आड़ में नेपाली मूल के अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर आपराधिक घटनाओं को अंजाम देता था।
एस पी सिटी ने बताया कि पुलिस ने आरोपी दिनेश सुनार (27) को गत रात्रि मुखबिर की सूचना पर घटना में प्रयुक्त HR55 BB1055 अर्टिगा कार के साथ गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से चोरी की गई 27,500 रुपये की नकदी और दो मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं।
गौरतलब है विगत दिनों बल्लीवाला चौक निवासी भाजपा पार्षद अमिता सिंह के पति महिपाल सिंह ने थाना बसंत विहार में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया था कि दिल्ली की एक कंपनी के माध्यम से घर में काम करने के लिए बुलाए गए नौकर भरत थापा ने कथित तौर पर खाने में नशीला पदार्थ मिलाकर अपने साथियों के साथ घर से ज्वैलरी और नकदी चोरी कर ली।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर पुलिस की अलग-अलग टीमें गठित की गईं। टीमों ने घटनास्थल और आसपास के मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की। जांच में सामने आया कि घटना में भरत थापा के साथ चार अन्य लोग भी शामिल थे और वारदात के लिए हरियाणा नंबर की एक कार का इस्तेमाल किया गया था।
पुलिस ने सुरागरसी और मुखबिर तंत्र के आधार पर आरोपी दिनेश सुनार को गिरफ्तार किया। पूछताछ में पुलिस के मुताबिक आरोपी ने वारदात में शामिल होने की बात स्वीकार की। आरोपी ने बताया कि वह मूल रूप से नेपाल का रहने वाला है और दिल्ली में टैक्सी चलाता है। इसी काम की आड़ में वह अपने नेपाली मूल के साथियों के साथ मिलकर चोरी की घटनाओं को अंजाम देता था।
पुलिस के अनुसार, गिरोह के सदस्य पहले घरों में काम करने के बहाने प्रवेश कर उनकी रेकी करते थे। इसके बाद मौका देखकर अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम देते थे। दिनेश सुनार अपनी टैक्सी से साथियों को घटनास्थल तक पहुंचाने और वारदात के बाद वापस ले जाने का काम करता था। इसके बदले उसे चोरी के माल में हिस्सा दिया जाता था।
पुलिस के मुताबिक बसंत विहार की घटना में भी आरोपी को उसके साथियों ने 50 हजार रुपये नकद दिए थे, जबकि चोरी का माल बिकने के बाद बाकी हिस्सा देने की बात कही गई थी।
पूछताछ में पुलिस को घटना में शामिल तीन अन्य आरोपियों के संबंध में भी जानकारी मिली है। पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए गैर-प्रांतों में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
वांछित आरोपी
1. भरत थापा पुत्र चन्द्र बहादुर थापा, निवासी जनकपुरी, नई दिल्ली, मूल निवासी नेपाल
2. आदित्य
3. अभिषेक
4. एलेक्स








