प्रवासी उत्तराखण्डी सम्मेलन का आयोजन

0
10
 dipr

देहरादून। दून विश्वविद्यालय, देहरादून में आयोजित तृतीय प्रवासी उत्तराखण्डी सम्मेलन में देश के विभिन्न राज्यों में निवासरत प्रवासी उत्तराखण्डियों ने प्रतिभाग किया। इस अवसर पर प्रवासियों ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के साथ अनुभव और विचार साझा किए।

केंद्रीय सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय के सचिव सुधांश पंत ने कहा कि ये सम्मेलन सिर्फ भावनात्मक जुड़ाव का माध्यम नहीं है बल्कि राज्य के विकास को गति देने का एक अवसर भी है। उन्होंने कहा कि जन्मभूमि हम सबके लिए स्वर्ग के समान है, इसलिए वो सेवानिवृत्ति के बाद अपना समय जन्मभूमि को ही समर्पित करेंगे।

प्रसार भारती के अध्यक्ष एवं प्रसिद्ध गीतकार प्रसून जोशी ने कहा कि उत्तराखण्ड की नई पीढ़ी की अपनी बोली भाषा पर भले ही उतनी पकड़ न हो लेकिन उनके अंदर अपनी पहचान को लेकर पिछली पीढ़ी से अधिक आत्मविश्वास है। जबकि पहले उत्तराखण्ड के लोग जब तक आवश्यक न हो, अपनी पहचान जाहिर नहीं करते थे। उन्होंने कहा कि हमारे युवाओं के अंदर ये आत्मविश्वास पैदा करने के लिए उत्तराखण्ड सरकार बधाई की पात्र है। इस मौके पर उन्होंने “ये उत्तराखण्ड का उदय है, उदय में एक लय है, ये मस्तक गर्व का है, यहां न कोई भय है, ये उत्तराखण्ड का उदय है…” कविता के जरिए उत्तराखण्ड की विकास यात्रा को प्रस्तुत किया।

दिल्ली विधानसभा के उपाध्यक्ष मोहन सिंह बिष्ट ने कहा कि हमारी कर्मभूमि कहीं हो लेकिन हम सबको इस बात का गर्व है कि उत्तराखण्ड हमारी जन्मभूमि रही है। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड के लोगों ने अपनी प्रतिभा के दम पर देश विदेश में नाम कमाया है।

अभिनेत्री चित्रांशी रावत ने कहा कि पहाड़ के लोगों के अंदर जितनी सरलता होती है, उनके अंदर उतनी ही जीवटता भी भरी होती है। उन्होंने कहा कि पहाड़ का आदमी भले ही दुनिया में कहीं भी रहे वो अपने अंदर का पहाड़ हमेशा बचाए रखता है। उन्होंने कहा कि पहाड़ के युवाओं में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है।

LEAVE A REPLY