दून अस्पताल में चापड़ लहराने का आरोपी गिरफ्तार

0
33
 dipr

देहरादून। राजकीय दून मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में हाथ में धारदार ‘चापड़’ लहराते हुए घुसने और ड्यूटी पर तैनात डॉक्टरों, नर्सिंग स्टाफ व सुरक्षाकर्मियों को डराने-धमकाने के मामले में पुलिस ने आरोपी रौनक मल्होत्रा को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के पास से घटना में प्रयुक्त चापड़ भी बरामद कर ली गई है।

गौरतलब है कि 09 अक्टूबर 2026 को दून अस्पताल की इमरजेंसी मेडिकल सुपरिंटेंडेंट डॉ. शोभा द्वारा कोतवाली नगर में तहरीर दी गई थी कि एक अज्ञात व्यक्ति हाथ में चापड़ लेकर इमरजेंसी वार्ड में घुस गया और चापड़ लहराते हुए वहां दहशत का माहौल पैदा कर दिया। इससे सरकारी कार्य में भारी बाधा पहुंची और डॉक्टर-कर्मचारी सहम गए। तहरीर के आधार पर कोतवाली नगर में मुकदमा संख्या 374/26 (धारा 125, 131, 221 BNS) दर्ज किया गया था।

एसएसपी देहरादून के सख्त निर्देशों पर गठित पुलिस टीम ने अस्पताल व आसपास के CCTV फुटेज खंगाले और सुरागकशी करते हुए आज आरोपी रौनक मल्होत्रा को चापड़ के साथ दबोच लिया। मामले में आर्म्स एक्ट (धारा 4/25) की बढ़ोतरी की गई है।

पुलिस के अनुसार पूछताछ में सामने आया कि घटना वाले दिन आरोपी के छोटे भाई का अस्पताल में किसी से झगड़ा हो गया था। इस बात की सूचना मिलते ही आरोपी नशे की हालत में हाथ में चापड़ लेकर दून अस्पताल पहुंच गया और तांडव मचाने लगा। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी कोई आम युवक नहीं, बल्कि एक आदतन अपराधी है जिसके खिलाफ पहले से कई गंभीर मुकदमे दर्ज हैं ।

LEAVE A REPLY